ऑटो में छूटा चांदी के आभूषण और नगदी से भरा बैग, CCTV से पुलिस ने खोज निकाला

0 541

ईमानदार ऑटो चालक ने सुरक्षित रखा था सामान, कोतवाली पुलिस ने महिला को लौटाया पूरा बैग

सीधी। कोतवाली पुलिस की तत्परता से ऑटो में छूटा महिला का बैग सुरक्षित वापस मिल गया। बैग में कपड़े, चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य सामान रखा था। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से ऑटो की पहचान कर चालक तक पहुंच बनाई और बैग बरामद कर महिला के सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार 16 सितंबर 2026 को संगीता कोल पति सोनू कोल, उम्र 28 वर्ष, निवासी बिठौली थाना अमिलिया ने थाना कोतवाली में सूचना दी कि वह बच्चों के साथ रामपुर स्थित मायके से सीधी आई थी। उसने अपना बैग पीले रंग के ऑटो के ऊपर बने केबिन में रखा था। पुराने बस स्टैंड पर बच्चों के साथ उतरते समय वह बैग लेना भूल गई।

शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने तत्काल CCTV सर्विलांस कंट्रोल रूम पहुंचकर फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर ऑटो की पहचान कर चालक राहुल भुजवा से संपर्क किया गया। चालक ने बताया कि ऑटो घर पर खड़ा करने के दौरान उसे केबिन में बैग दिखाई दिया था, जिसे उसने सुरक्षित रख लिया था।

पुलिस ने चालक से बैग प्राप्त कर थाना कोतवाली लाया। महिला द्वारा पहचान किए जाने पर बैग में चांदी की छागल, चांदी का हाफ सेट, बिछिया, नगद राशि, कपड़े सहित अन्य सामान सुरक्षित मिला। इसके बाद पुलिस ने पूरा सामान महिला के सुपुर्द कर दिया।

सामान सुरक्षित वापस मिलने पर संगीता कोल ने कोतवाली पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

सराहनीय भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक रन बहादुर सिंह एवं आरक्षक प्रखर पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment