नगर आयुक्त ने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी को लेकर छात्रों को दिए सफलता के टिप्स

मुबारक अली संवाददाता
शाहजहांपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की कोचिंग में बुधवार को नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें सिविल सेवा परीक्षा में सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
नगर आयुक्त ने छात्रों से कहा कि परीक्षा की तैयारी के लिए नियमित टाइम टेबल बनाकर प्रतिदिन कम से कम 15 घंटे अध्ययन करें। साथ ही अपने कोर्स के अनुसार साप्ताहिक लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की सलाह दी। उन्होंने महत्वपूर्ण विषयों के माइंड मैपिंग और शॉर्ट नोट्स तैयार करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने छात्रों को प्रारंभिक परीक्षा के साथ मुख्य परीक्षा की तैयारी पर भी समान रूप से ध्यान देने तथा मुख्य परीक्षा के प्रश्नों का लेखन अभ्यास करने को कहा। साप्ताहिक न्यूज पेपर पढ़ने और करेंट अफेयर्स की जानकारी अपडेट रखने की सलाह भी दी गई।
नगर आयुक्त ने विद्यार्थियों को उपयोगी पुस्तकों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इनसे अध्ययन में बेहतर सहायता मिलेगी। उन्होंने प्रतिदिन मॉक टेस्ट हल करने तथा परीक्षा की तैयारी के दौरान अपने अनुभवों को साझा करते हुए छात्रों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया।