शपथ पत्र देकर ग्राम प्रधान व सचिव पर लगाए गंभीर आरोप, डीएम ने गठित की जांच समिति

0 40

 

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। सुभाषनगर कॉलोनी निवासी सौरभ कुमार यादव ने शपथ पत्र के साथ ग्राम पंचायत घुसगवां, विकासखंड ददरौल के निवर्तमान ग्राम प्रधान/प्रशासक राकेश सिंह यादव और ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ विभिन्न आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से जांच और कार्रवाई की मांग की है।

 

शिकायत में ग्राम सभा की बैठक नियमानुसार न कराए जाने, ग्राम पंचायत की कार्ययोजना निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तैयार न किए जाने, छोटे-छोटे स्टीमेट तैयार कर कथित तौर पर लाभ पहुंचाने और मनरेगा में कथित अनियमितताओं समेत कई बिंदु उठाए गए हैं।

 

शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश पंचायत राज अधिनियम, 1947 के तहत प्रारंभिक जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी तथा अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई को शामिल किया गया है।

 

डीएम ने समिति को एक सप्ताह के भीतर शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं की अभिलेखीय और स्थलीय जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान शिकायतकर्ता का पक्ष सुनने और स्थलीय निरीक्षण के फोटोग्राफ्स भी रिपोर्ट के साथ लगाने को कहा गया है।

 

आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो तकनीकी मूल्यांकन कर दुरुपयोग की गई धनराशि तथा इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारी या ग्राम प्रधान का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। समिति को साक्ष्यों और स्पष्ट संस्तुति के साथ जांच रिपोर्ट दो प्रतियों में जिलाधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment