मॉडल स्कूल शहपुरा में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत, तीन सदस्यीय समिति करेगी जांच

0 142

 

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

 

शहपुरा। मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहपुरा के प्रभारी प्राचार्य के विरुद्ध वित्तीय अनियमितताओं और शासकीय नियमों की अनदेखी से संबंधित शिकायत की जांच के आदेश जारी किए गए हैं। शिकायत में पिछले 12-13 वर्षों के दौरान फर्जी बिल-बाउचर के माध्यम से लाखों रुपये की हेराफेरी किए जाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

 

वार्ड क्रमांक 1 शहपुरा निवासी शिकायतकर्ता मनीष साहू की शिकायत के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी डिंडौरी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश क्रमांक स्थापना/2026/777, दिनांक 12 अगस्त 2026 के अनुसार, संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण जबलपुर संभाग के 11 अगस्त 2026 के पत्र के आधार पर शिकायत में उल्लेखित तथ्यों की नियमानुसार जांच कराने का निर्णय लिया गया है।

 

तीन अधिकारियों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

 

जांच समिति में विकासखंड शिक्षा अधिकारी शहपुरा, विकासखंड स्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केंद्र शहपुरा तथा संकुल प्राचार्य शासकीय कन्या उमावि शहपुरा को शामिल किया गया है।

 

समिति को शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों और उल्लेखित तथ्यों की नियमानुसार जांच कर जांच प्रतिवेदन तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

जांच रिपोर्ट के बाद सामने आएगी वास्तविक स्थिति

 

शिकायत में प्रभारी प्राचार्य पर मनमानी करने, शासकीय नियमों की अनदेखी करने तथा लंबे समय से फर्जी बिल-बाउचर के जरिए वित्तीय अनियमितता किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल, कलेक्टर डिंडौरी और संयुक्त संचालक, लोक शिक्षण जबलपुर संभाग को भी भेजी है। अब जांच समिति की रिपोर्ट पर सभी की नजर है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी वास्तविकता है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment