कोटरई पंचायत में पटाखों की खरीदी पर विवाद, ग्रामीणों ने उठाए भुगतान और बिलों पर सवाल

0 109

 

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव

 

 

मेहंदवानी/डिंडौरी। जनपद पंचायत मेहंदवानी अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटरई में पटाखों की खरीदी और उसके भुगतान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने पंचायत में प्रस्तुत किए गए एक बिल पर सवाल उठाते हुए खरीदी प्रक्रिया और भुगतान की जांच की मांग की है।

 

जानकारी के अनुसार, पंचायत अभिलेखों में एक सप्लायर के माध्यम से लगभग 4,400 रुपये से अधिक के पटाखों की खरीदी दर्शाई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत कार्यों में पटाखों की आवश्यकता और उसके लिए सार्वजनिक धन के उपयोग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसी कारण भुगतान की वैधता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर प्रस्तुत किए जाने वाले कुछ बिलों की पर्याप्त जांच नहीं होती, जिसके कारण अनियमित भुगतान की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि जिस सप्लायर के नाम से बिल लगाया गया है, वह मुख्य रूप से निर्माण सामग्री से जुड़ा व्यवसाय करता है। ऐसे में पटाखों की बिक्री और आपूर्ति को लेकर भी संदेह व्यक्त किया जा रहा है।

 

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि पंचायत और जनपद स्तर पर बिलों के सत्यापन की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाए जाने की आवश्यकता है। उनका कहना है कि यदि खरीदी वास्तविक है तो उससे संबंधित सभी दस्तावेज, सामग्री की आपूर्ति और आवश्यकता का स्पष्ट विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए।

 

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें

 

पटाखों की खरीदी एवं भुगतान की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

 

प्रस्तुत बिलों की वैधता और सामग्री की वास्तविक आपूर्ति का सत्यापन किया जाए।

 

खरीदी की आवश्यकता और स्वीकृति प्रक्रिया को सार्वजनिक किया जाए।

 

जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

 

 

ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने से वास्तविक स्थिति सामने आएगी और पंचायत निधियों के उपयोग को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान हो सकेगा। वहीं संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो पाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment