गोपद नदी घाट पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत उत्खनन में तीन वाहन जब्त

सीधी, 09 जून 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गोपदबनास तहसील के ग्राम सिरसी स्थित गोपद नदी घाट से अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त तीन वाहनों को जब्त किया है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विकास मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनि निरीक्षक शिशिर यादव के नेतृत्व में गठित खनिज दल ने सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान तीन वाहन अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते पाए गए।
कार्रवाई के दौरान खनिज दल को देखकर वाहन चालकों ने भागने का प्रयास किया। दो वाहनों के चालकों ने वाहन में लोड रेत को रास्ते में खाली कर बच निकलने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के चलते वाहन छोड़कर फरार हो गए। वहीं बिना नंबर के टाटा-407 वाहन के चालक बाला प्रसाद यादव निवासी ग्राम सिरसी को टीम ने पीछा कर पकड़ लिया और वाहन को जब्त कर लिया।
इसके अलावा टाटा-407 वाहन क्रमांक MP53GA4183 का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन को लावारिस हालत में जब्त किया गया। वहीं वाहन क्रमांक MP53GA3272 को भी रेत सहित जब्त किया गया, जिसके चालक ने अपना नाम रामकुमार यादव निवासी सिरसी बताया।
जब्त किए गए तीनों वाहनों को सुरक्षार्थ थाना कोतवाली सीधी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। संबंधित वाहन स्वामियों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। बिना पंजीयन नंबर वाले वाहन के संबंध में मोटर वाहन अधिनियम के तहत पृथक कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को भी पत्र भेजा जाएगा।
खनिज विभाग के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा अवैध उत्खनन एवं परिवहन में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान कर आवश्यक होने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किए जाएंगे।
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी रवींद्रनाथ तिवारी एवं वन विभाग के अमले का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
📌 मुख्य बिंदु
गोपद नदी घाट से अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई
तीन वाहन जब्त, एक चालक गिरफ्तार
दो चालक वाहन छोड़कर फरार
खनिज नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज
अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश जारी
वन विभाग के सहयोग से सफल कार्रवाई सम्पन्न।