विश्व पर्यावरण दिवस पर मां शारदा टेकरी में बृहद वृक्षारोपण अभियान, 100 से अधिक पौधे लगाए

0 168

डिंडौरी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शहपुरा स्थित मां शारदा टेकरी परिसर में बृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों तथा श्रमजीवी पत्रकार परिषद के सदस्यों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

अभियान के तहत टेकरी परिसर में 100 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहपुरा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए पौधारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

 

जनपद पंचायत शहपुरा अध्यक्ष प्रियंका आर्मो ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष शुद्ध वायु प्रदान करने के साथ-साथ जल संरक्षण, जैव विविधता और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पौधारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की अपील की।

 

नगर परिषद शहपुरा अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ और हरित नगर का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझे और लगाए गए पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

 

भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बिहारी साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का अभियान नहीं, बल्कि समाज की सतत जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

 

वक्ताओं ने बताया कि वर्षा ऋतु के आगमन से पूर्व जून माह पौधारोपण के लिए उपयुक्त समय माना जाता है। इस दौरान लगाए गए पौधों के जीवित रहने और बेहतर विकास की संभावना अधिक रहती है।

 

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जनपद अध्यक्ष प्रियंका आर्मो, नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल, भारतीय किसान संघ जिलाध्यक्ष बिहारी साहू, नगर परिषद उपाध्यक्ष मुकेश साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी नागरिकों ने सहभागिता की।

 

जिला ब्यूरो : मनोज कुमार यादव

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment