नवागत पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने किया जनरल परेड का निरीक्षण, पुलिस बल को दिए अनुशासन और जनसेवा के निर्देश


जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव
आशीष खरे ने शुक्रवार को पुलिस लाइन डिंडोरी में आयोजित जनरल परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड में उपस्थित पुलिस बल की अनुशासन व्यवस्था, सज्जा एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने शासकीय वाहनों का भी निरीक्षण किया और उनकी स्थिति, रखरखाव एवं उपयोगिता की जानकारी ली। उन्होंने वाहनों के नियमित संधारण एवं हर समय तत्परता बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड द्वारा सलामी प्रस्तुत की गई, जिसके बाद एसपी ने गार्ड का निरीक्षण कर जवानों की कार्यकुशलता और अनुशासन का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की सीख दी। उन्होंने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने तथा जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर विवेक गौतम, सुभाष चंद्र, दुर्गा प्रसाद नगपुरे, गोकुल मरावी, सूबे कुंवर सिंह ओलाड़ी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।