तीन दिनों में बदली तस्वीर: ग्राम करही के शासकीय विद्यालय का कायाकल्प बना मिसाल

0 423

सीधी | 21 अप्रैल 2026
“जहां चाह, वहां राह” की कहावत को साकार करते हुए सीधी जिले के ग्राम पंचायत माटा अंतर्गत ग्राम करही के शासकीय प्राथमिक शाला ने महज तीन दिनों में अभूतपूर्व बदलाव की मिसाल पेश की है। जनप्रतिनिधियों, शाला विकास समिति और ग्रामीणों की स्वप्रेरित सहभागिता से विद्यालय का कायाकल्प कर दिया गया, जो अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।


कलेक्टर श्री विकास मिश्रा के निरीक्षण के बाद शुरू हुए इस अभियान में गांव के लोगों ने एकजुट होकर विद्यालय की स्थिति सुधारने का संकल्प लिया। परिणामस्वरूप केवल तीन दिनों में ही विद्यालय में रंग-रोगन, साफ-सफाई और फर्नीचर की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई। साथ ही विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म, स्कूल बैग और कॉपियों की व्यवस्था कर शिक्षा के प्रति नया उत्साह भी जगाया गया।
इस पहल में अभिभावकों की भागीदारी भी सराहनीय रही। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का संकल्प लिया और उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में सक्रिय सहयोग का भरोसा जताया।
ग्राम पंचायत माटा के सरपंच श्री इंद्रदेव विश्वकर्मा ने कहा कि यह पहल अब पंचायत के अन्य शासकीय विद्यालयों में भी लागू की जाएगी। वहीं, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री बृजेन्द्र सिंह गोंड ने इसे सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
डीपीसी जिला शिक्षा केंद्र श्री विनय मिश्रा ने बताया कि निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने इस जनभागीदारी को अनुकरणीय बताते हुए अन्य विद्यालयों में भी सुधार के प्रयास जारी रहने की बात कही।
महज तीन दिनों में हुआ यह बदलाव इस बात का प्रमाण है कि सामूहिक प्रयास और शिक्षा के प्रति जागरूकता से किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है। ग्राम करही का यह मॉडल अब पूरे जिले के लिए प्रेरणा बनकर उभर रहा है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment