कलेक्टर ने विभिन्न ग्रामों का किया निरीक्षण, पेयजल, निर्माण कार्य एवं रोजगार गतिविधियों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

0 2,308

 

डिण्डौरी –कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों का व्यापक भ्रमण कर विकास कार्यों, पेयजल व्यवस्था एवं रोजगार गतिविधियों का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जोगी टिकरिया के समीप निर्माणाधीन बाईपास का स्थल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा की। इसके पश्चात जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत विभिन्न कार्यों का जायजा लेते हुए औराई ग्राम पहुंचकर हितग्राही श्रीमती सुषमा मरकाम के निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया, जहां रेन वाटर हार्वेस्टिंग व्यवस्था को सराहते हुए इसे अन्य ग्रामीणों के लिए प्रेरणादायक बताया।

 

कलेक्टर ने प्राथमिक शाला औराई का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया तथा शिक्षिका के कार्य की सराहना की। साथ ही मध्यान्ह भोजन रसोई की साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

अमरपुर भाखा स्थित हेरिटेज वाइन प्लांट (मायशा) का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने उत्पादन, पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने प्लांट में पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने तथा अधिक से अधिक स्थानीय महिलाओं को रोजगार से जोड़ने पर बल दिया। प्लांट प्रबंधन द्वारा बताया गया कि उत्पाद को अंतरराष्ट्रीय बाजार, विशेषकर यूनाइटेड किंगडम में निर्यात के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, जिसे कलेक्टर ने जिले के लिए गौरव का विषय बताया।

 

समनापुर विकासखंड के सिमरदा ग्राम के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए सौर ऊर्जा आधारित मोटर पंप के माध्यम से दूरस्थ जल स्रोत से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तीन दिवस में कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों द्वारा सड़क एवं स्कूल भवन की समस्या भी बताई गई, जिस पर आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।

 

खामी ग्राम में पेयजल संकट एवं हैंडपंप से दूषित जल की समस्या पर कलेक्टर ने पीएचई विभाग को तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने तथा नल-जल योजना से शीघ्र जोड़ने के निर्देश दिए।

 

अंडई ग्राम में जल जीवन मिशन अंतर्गत निर्मित टंकी एवं मोटर पंप का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने विद्युत कनेक्शन शीघ्र उपलब्ध कराकर योजना को प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान ग्राम झांकी में किसान श्री गणेश सिंह मरकाम द्वारा विकसित “मां की बगिया” का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने उनके प्रयासों की सराहना की तथा अन्य किसानों को भी प्रेरणा लेने की बात कही।

 

कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पेयजल, निर्माण कार्य एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता एवं रोजगार सृजन के प्रयासों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए।

 

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment