सिहावल में TET के विरोध में शिक्षकों का बड़ा आंदोलन, संयुक्त मोर्चा का हुंकार
ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन में गूंजा विरोध: “TET अनिवार्यता खत्म करो”

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सेवा गणना प्रथम नियुक्ति से करने की मांग
चेतावनी: मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा उग्र
प्राइड कदम हिंदी समाचार | प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी (मध्य प्रदेश)

सिहावल रिपोर्ट: शाहिद खान
सिहावल में शिक्षकों का असंतोष अब एक बड़े आंदोलन का रूप लेता नजर आ रहा है। अध्यापक/शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले उत्कृष्ट विद्यालय सिहावल परिसर में ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षक और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।
सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता को शिक्षकों के सम्मान और अधिकारों के खिलाफ बताते हुए इसे तत्काल समाप्त करने की मांग की। शिक्षकों ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों को बार-बार परीक्षा के दायरे में लाना अन्यायपूर्ण है और इससे उनका आत्मविश्वास प्रभावित होता है।
कार्यक्रम के बाद संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से ब्लॉक अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, शिक्षक कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष यमुनाधर द्विवेदी, प्रांतीय संगठन मंत्री नाथू लाल पटेल, जिला सचिव संतोष प्रजापति, जिला उपाध्यक्ष मनोज मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी और शिक्षक उपस्थित रहे।
ज्ञापन में मांग की गई कि TET की बाध्यता समाप्त की जाए तथा शिक्षकों की सेवा अवधि की गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से की जाए। साथ ही शिक्षकों को अनावश्यक मानसिक दबाव से मुक्त करते हुए उनके अनुभव का सम्मान करने की बात कही गई।
संयुक्त मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। सिहावल से उठी यह आवाज अब पूरे प्रदेश में प्रभाव डालने लगी है, जिससे शासन-प्रशासन पर दबाव बढ़ता दिख रहा है।