55 जिले गिनाने वाली साक्षी बनी एक दिन की CEO, कलेक्टर भी हुए प्रभावित

0 2,338

सिहावल में छात्र प्रतिभा का सम्मान: 8वीं की छात्रा को मिली जनपद CEO की कुर्सी

प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी (मध्य प्रदेश) | सिहावल रिपोर्ट: शाहिद खान

सीधी जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र बहरी में 9 अप्रैल 2026 को आयोजित “संकल्प से समाधान” कार्यक्रम में छात्र प्रतिभा और प्रशासनिक संवेदनशीलता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर श्री विकास मिश्रा शिक्षा विभाग के स्टॉल पर पहुंचे।

इसी दौरान शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पैगमा की छात्राओं द्वारा मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों के नाम सुनाने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर रुक गए और प्रस्तुति सुनी। छात्राओं ने एक स्वर में प्रभावशाली तरीके से सभी जिलों के नाम सुनाए, जिससे प्रभावित होकर कलेक्टर ने तत्काल अपनी पेन देकर छात्रा को पुरस्कृत किया।

कलेक्टर के निर्देश पर 10 अप्रैल 2026 को जनपद पंचायत सिहावल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रश्मि पाण्डेय विद्यालय पहुंचीं। यहां कक्षा 8वीं की छात्रा कुमारी साक्षी जायसवाल को एक दिन के लिए जनपद CEO की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्हें CEO की कुर्सी पर बैठाकर सम्मानित किया गया और भविष्य में कलेक्टर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री लाल जी पाण्डेय एवं स्टाफ ने इस पहल के लिए प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायक कदम ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इस उपलब्धि में बीएसी, बीआरसी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह पहल न केवल छात्रा साक्षी के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment