सिंगरौली एयरपोर्ट को कमर्शियल दर्जा दिलाने की पहल तेज, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने नागर विमानन मंत्री से की मुलाकात

0 241

 

 

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता सहित प्रमुख शहरों के लिए उड़ान शुरू करने की मांग, विंध्य क्षेत्र के विकास को मिल सकती है नई रफ्तार

खबर: सीधी

नई दिल्ली/सीधी। सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने संसद भवन में नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात कर सिंगरौली हवाई अड्डे को वाणिज्यिक (कमर्शियल) दर्जा देने की मांग उठाई है।

सांसद ने मंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखते हुए कहा कि सिंगरौली देश का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में उद्योग स्थापित हैं। इसके बावजूद हवाई सेवाओं का अभाव क्षेत्र के समग्र विकास में बाधा बना हुआ है। उन्होंने सिंगरौली से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, भोपाल और इंदौर के लिए नियमित उड़ानें शुरू कराने का भी आग्रह किया।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि एयरपोर्ट को कमर्शियल दर्जा मिलने से क्षेत्र में निवेश बढ़ेगा, व्यापार और उद्योग को गति मिलेगी तथा आम लोगों को बेहतर और तेज आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सिंगरौली सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के लिए यह पहल मील का पत्थर साबित हो सकती है। यदि हवाई सेवाएं शुरू होती हैं तो रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।

इस मांग को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि केंद्र सरकार जल्द ही इस दिशा में ठोस निर्णय ले सकती है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment