शंकरघाट में रुद्र महायज्ञ शिव महापुराण का भव्य आयोजन, चौथे दिन निकली भगवान शिव की बारात

0 358

 

डिंडौरी / शहपुरा। ग्राम पंचायत ढोंढ़ा के शंकरघाट में आयोजित रुद्र महायज्ञ शिव महापुराण इन दिनों श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। सेवक संघ समिति शंकरघाट द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में दूर-दूर से धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।

 

कार्यक्रम में प्रख्यात कथावाचिका नीता भारती (जबलपुर) अपने मुखारविंद से शिव महापुराण की कथा का वाचन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। उनके प्रवचनों से उपस्थित जनसमूह धर्म, आस्था और जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित हो रहा है।

 

यह आयोजन श्री श्री 108 भगतगिरि जी महाराज (बच्चू महाराज) के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। उनके आशीर्वचनों से कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त हो रही है। वहीं यज्ञाचार्य पं. श्री रामभूषण जी महाराज के निर्देशन में विधि-विधान से यज्ञ अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। चौथे दिवस पर पं. प्रदीप तिवारी जी द्वारा यज्ञ संपन्न कराया गया।

 

शिव महापुराण कथा के चौथे दिन भगवान शिव की भव्य बारात गांव में निकाली गई। शिव जी की सुसज्जित झांकी को आकर्षक रथ पर विराजित कर पूरे गांव में भ्रमण कराया गया। बारात में शिव गणों की झांकियां, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

 

कथा के दौरान शिव विवाह प्रसंग का विस्तृत वर्णन किया गया। शिव बारात में देव, दानव, गंधर्व, नाग, किन्नर, यक्ष, भूत-प्रेत और शिवगणों की अलौकिक उपस्थिति का चित्रण सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। माता पार्वती की माता मैना की चिंता और भगवान शिव के दिव्य रूप के दर्शन का प्रसंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

 

आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों जैसे भजन-कीर्तन, शास्त्र प्रवचन और यज्ञ समारोह का आयोजन किया जा रहा है। गांव के अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने शिवलिंग स्थापना कर पूजा-अर्चना की।

 

सेवक संघ समिति शंकरघाट ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश दे रहा है तथा सनातन परंपराओं को सशक्त करने का कार्य कर रहा है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment