गौ सम्मान आह्वान अभियान का हुआ आगाज, 5000 तहसीलों तक पहुंचाने का लक्ष्य

0 7,858


सीधी। शहर के गोपाल दास मंदिर में बुधवार को गो सम्मान आह्वान अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य गौ सेवा और गौ रक्षा के माध्यम से राष्ट्र रक्षा एवं संस्कृति रक्षा के लिए जनजागरण करना है। आयोजकों ने इसे निष्काम और पवित्र पहल बताते हुए सभी सनातनियों से सहयोग की अपेक्षा की है।


बाहर से पधारे संतों ने कहा कि यह अभियान तहसील स्तर तक चलाया जाएगा और केंद्र सरकार तथा सभी राज्य सरकारों से संविधान के दायरे में रहकर अहिंसक तरीके से प्रार्थना की जाएगी कि गौ माता को सेवा, सुरक्षा और सम्मान का मौलिक अधिकार प्रदान किया जाए। साथ ही गौ सेवा हेतु केंद्रीय कानून बनाए जाने और देशभर में गौ हत्या पूर्णतः समाप्त करने की मांग भी रखी गई।
संतों ने गौ महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौ माता में 33 कोटि देवी-देवताओं की सात्विक शक्ति समाहित है। गौ माता का दूध, दही और घी सात्विक एवं निरापद आहार होने के साथ-साथ औषधीय गुणों से युक्त बताए गए। वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र गौरव, राष्ट्र रक्षा, राष्ट्र शांति और वास्तविक विकास गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के बिना संभव नहीं है। उन्होंने गौ माता को राष्ट्र माता, राष्ट्र देव, राष्ट्र आराध्या, राष्ट्र धरोहर अथवा राष्ट्र आधार का सम्मानित दर्जा देने की मांग की।
अभियान के तहत देश की 5000 तहसीलों में प्रत्येक तहसील स्तर पर प्रचारक और कार्यकर्ता ग्राम स्तर तक संपर्क कर अधिक से अधिक गो प्रेमियों को जोड़ेंगे। अभियान चार चरणों में संचालित होगा। विशेष रूप से 27 अप्रैल 2026 और 27 जुलाई 2026 को “गौ सम्मान दिवस” के रूप में मनाया जाएगा तथा प्रथम चरण में तहसील स्तर पर प्रार्थना पत्र सौंपे जाएंगे।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी संस्था या संगठन के बैनर तले नहीं, बल्कि ईश्वर, गौ माता और नंदी बाबा के सानिध्य में संचालित किया जा रहा है।
बैठक में संत विष्णु दास, संत कृष्ण दास, कथावाचक भागवत पाठक, उदय कमल मिश्रा (एडवोकेट), गणेश सिंह परिहार, श्रीमती पूनम सोनी, अंशुमान सिंह, धीरेंद्र सिंह परिहार, महेंद्र सराफ, द्रोणाचार्य तिवारी, धीरेंद्र सिंह चौहान, रमेश गुप्ता, सत्य प्रसाद नामदेव सहित अनेक गौ भक्त, गौ सेवक एवं गो प्रेमीजन उपस्थित रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment