केंद्रीय बजट देश को नई दिशा देने वाला, भारत बनेगा विश्व की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था : राधा सिंह

महिला सशक्तिकरण, इन्फ्रास्ट्रक्चर और स्वदेशी उत्पादन पर विशेष जोर
सीधी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट देश के भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो भारत को नई दिशा में अग्रसर करेगा। यह बजट न केवल आर्थिक मजबूती का आधार बनेगा, बल्कि महिला सशक्तिकरण, स्वदेशी उत्पादन, पर्यटन, रक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन लाएगा। यह बात मध्य प्रदेश सरकार की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने भाजपा द्वारा आयोजित केंद्रीय बजट को लेकर पत्रकार वार्ता में कही।
भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता एवं सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में टैक्स देने की मानसिकता में बड़ा बदलाव आया है। अब लोग टैक्स बचाने के बजाय ईमानदारी से टैक्स अदा कर रहे हैं, जो मोदी सरकार की पारदर्शी और सुधारवादी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पहले टैक्स कलेक्शन की स्थिति इतनी कमजोर थी कि सरकारी कर्मचारियों की सैलरी निकालना भी कठिन होता था, लेकिन टैक्स स्लैब में सुधार और सरल नीतियों के कारण आज देश का राजस्व लगातार बढ़ रहा है।
मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि भारत अब लगभग 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन चुका है और आने वाले समय में यह दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। सरकार का लक्ष्य जीडीपी के अनुपात में खर्च और कर्ज को नियंत्रित करना है, ताकि भारत आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बन सके। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए 40 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान, 7 नए रेलवे कॉरिडोर, रेयर अर्थ कॉरिडोर और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देने जैसी योजनाएं भारत को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाएंगी।
पर्यटन को लेकर उन्होंने बताया कि बौद्ध सर्किट के निर्माण से देश में धार्मिक और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही रक्षा बजट में 15 प्रतिशत की वृद्धि से देश की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता मजबूत होगी। स्वास्थ्य और मेडिकल टूरिज्म को बढ़ावा देकर भारत को वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में भी सरकार तेजी से कार्य कर रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि यह बजट भारत को जल्द ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। वहीं सीधी विधायक एवं पूर्व सांसद श्रीमती रीती पाठक ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने वाला है और इसमें महिला सशक्तिकरण के लिए ऐतिहासिक प्रावधान किए गए हैं।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे ने किया। इस अवसर पर महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम सोनी, महामंत्री विभा शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं वेब मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।