सीधी जिले में अवैध खनन पर प्रशासन की सख्त चोट, गोपद नदी क्षेत्र में रेत का अवैध भंडारण ध्वस्त, 20 डंपर रेत नदी में वापस डलवाई, बिना नंबर के वाहन जब्त

सीधी जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध प्रशासन द्वारा लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी स्वरोचिष सोमवंशी तथा पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशानुसार और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी विकास कुमार आनंद एवं जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज, राजस्व एवं पुलिस के संयुक्त दल ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
गोपद नदी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई,
ग्राम गुडुआधार, तहसील कुसमी में खनिज रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की शिकायत पर नायब तहसीलदार पोड़ी अमित दुबे, थाना प्रभारी कुसमी अरुणा द्विवेदी एवं प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव के संयुक्त दल द्वारा निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान गोपद नदी से लगे क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संग्रहित लगभग 20 डंपर रेत पाई गई।
प्रशासनिक कार्रवाई के तहत उक्त अवैध रेत को नदी में वापस डलवाया गया, साथ ही रेत परिवहन हेतु बनाए गए पहुंच मार्ग को गड्ढा खोदकर अवरुद्ध किया गया, ताकि भविष्य में दोबारा अवैध गतिविधि न हो सके।
भूमि स्वामियों पर दर्ज हुआ प्रकरण
कार्रवाई के दौरान संबंधित भूमि स्वामियों की पहचान कर उनके विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है तथा नियमानुसार दण्डात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
बिना नंबर के वाहन जब्त
इसी क्रम में अमिलिया बाजार, तहसील सिहावल में बिना नंबर के वाहन द्वारा अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर वाहन चेसिस क्रमांक DMB841MHDESC099018 को जब्त कर थाना अमिलिया में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
वहीं ग्राम कमर्जी, तहसील चुरहट से अवैध परिवहन में संलिप्त बिना नंबर के ट्रैक्टर जॉन डियर (इंजन नंबर CL3029D653509) को जब्त कर थाना कमर्जी में खड़ा कराया गया।
नियम 2022 के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
जप्त वाहनों के मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दण्डात्मक कार्रवाई हेतु प्रकरण कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को पृथक से पत्र भेजा जाएगा।
संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका
इस संयुक्त कार्रवाई में खनिज, राजस्व एवं पुलिस अमले के साथ सैनिक शिवशंकर सिंह, तेजबहादुर सिंह, अनिल पाठक एवं वाहन चालक रामपाल केवट की भूमिका सराहनीय रही।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी इसी तरह की सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी, किसी भी स्तर पर अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा