सीधी में बुजुर्ग से ढाई लाख की ठगी,बोलोरो चालक ने विश्वास में लेकर उड़ाए रुपये, जमोड़ी थाने में शिकायत दर्ज,

सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र से एक बुजुर्ग के साथ ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बोलोरो वाहन चालक ने विश्वास में लेकर बुजुर्ग के ढाई लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित बुजुर्ग ने मामले की शिकायत जमोड़ी थाने में दर्ज कराई है और आरोपी चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
बैंक से रुपये निकालकर जा रहे थे घर,
इस संबंध में फरियादी राधेश्याम तिवारी, निवासी धनहा, उम्र लगभग 63 वर्ष, ने पुलिस चौकी खड्डी के माध्यम से थाना जमोड़ी में आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि वे कलेक्टरेट परिसर स्थित यूनियन बैंक, सीधी से दोपहर के समय ढाई लाख रुपये नकद निकालकर टेम्पो में बैठकर सेवन इलेवन रेस्टोरेंट, करौंदिया के पास उतरे थे। वहां से वे पैदल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, जमोड़ी स्थित अपनी बच्ची के घर जा रहे थे।
सफेद बोलोरो में बैठाया, फिर हुआ खेल,
इसी दौरान पीछे से एक सफेद रंग की बोलोरो उनके पास आकर रुकी। वाहन में बैठे चालक ने परिचित होने का हवाला देते हुए कहा— “अंकल जी, कहा जा रहे हैं, बैठ जाइए, मैं छोड़ देता हूं।” परिचित समझकर और भरोसे में आकर बुजुर्ग वाहन में बैठ गए। उन्होंने रुपये से भरा बैग अपने पास ही रखा हुआ था।
कुछ दूरी पर उतरते समय जब उन्होंने बैग देखा तो पैसे गायब थे। इस पर उन्होंने मुड़कर देखा तो बोलोरो वाहन भी मौके से गायब हो चुका था।
पुलिस से न्याय की गुहार,
पीड़ित बुजुर्ग ने तत्काल मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराते हुए ढाई लाख रुपये दिलाए जाने एवं आरोपी बोलोरो चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस,
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज, वाहन की पहचान एवं संभावित रूट की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।