सड़क सुरक्षा का संदेश: सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने आमजन से की सतर्कता की अपील,यातायात नियमों के पालन पर दिया जोर, सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर पेश की मानवता की मिसाल

सीधी सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सीधी–सिंगरौली के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने नागरिकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का उपयोग सुनिश्चित करने तथा सभी वाहन चालकों से धीमी और सतर्क गति से वाहन चलाने का आह्वान किया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सी असावधानी भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं की ही नहीं, बल्कि दूसरों की सुरक्षा के प्रति भी सजग रहना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचायक है।
सड़क दुर्घटना में दिखाई मानवीय संवेदनशीलता
इसी क्रम में मंगलवार को जब सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सीधी से मझौली की ओर एक स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होने जा रहे थे, तभी मार्ग में उन्हें एक सड़क दुर्घटना में दो व्यक्ति घायल अवस्था में मिले। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत वाहन रुकवाया और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
मौके पर दिलाया प्राथमिक उपचार
सांसद डॉ. मिश्रा ने अपने वाहन से प्राथमिक उपचार सामग्री मंगवाकर घायलों को तत्काल सहायता प्रदान की। इसके बाद उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी भिजवाने की व्यवस्था कराई। समय पर मिली सहायता के कारण घायलों को शीघ्र चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सकी।
जनसेवा का उदाहरण,
स्थानीय लोगों ने सांसद के इस मानवीय कदम की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि द्वारा मौके पर मदद पहुंचाना समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। डॉ. मिश्रा ने पुनः अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी को नियमों का पालन और सतर्कता को अपनी आदत बनाना चाहिए।