अपर कलेक्टर ने जनसुनवाई में 99 आवेदकों की सुनी समस्याएं, शीघ्र निराकरण के निर्देश

सीधी (राकेश शर्मा)जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय द्वारा जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों से आए 99 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर शिकायतों की वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर के निर्देश पर सभी आवेदकों को तत्काल पावती भी उपलब्ध कराई गई।अपर कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि जिन आवेदनों में समय-सीमा निर्धारित है, उन्हें विभाग प्रमुख स्वयं संज्ञान में लेकर शीघ्र निराकरण करें तथा संबंधित शिकायतकर्ता को निराकरण की जानकारी अनिवार्य रूप से दें।
जनसुनवाई में हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अपर कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रत्येक स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों की पहचान कर उनका समाधान किया जाए तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को नियमानुसार लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाए।
अपर कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा जनसुनवाई का आयोजन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से किया जाता है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता से लेते हुए प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर प्रियल सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं आज आयोजित जनसुनवाई में जिले के समस्त उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय जनसुनवाई से जुड़े रहे।