जमोड़ी पुलिस ने बाइक सवार गांजा तस्कर दबोचा

3 किलो 10 ग्राम गांजा व मोटरसाइकिल सहित 90 हजार का मशरूका जब्त
सीधी।
नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘अभियान प्रहार 2.0’ के तहत सीधी पुलिस को एक और अहम सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना जमोड़ी पुलिस ने मोटरसाइकिल से गांजा तस्करी कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक भारी मात्रा में अवैध गांजा लेकर मोटरसाइकिल से ग्राम गाड़ाखोह की ओर आ रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर घेराबंदी की गई।
घेराबंदी के दौरान ग्राम गाड़ाखोह चौराहे के पास संदिग्ध को रोका गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम यज्ञ सेन कुशवाहा पिता रामशरण कुशवाहा, निवासी उपनी, थाना कोतवाली बताया। तलाशी के दौरान उसके झोले से 03 किलो 10 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
जब्त मशरूका
अवैध गांजा: 3 किलो 10 ग्राम (कीमत लगभग ₹45,000)
मोटरसाइकिल: होंडा डिलक्स (कीमत लगभग ₹45,000)
कुल मशरूका: लगभग ₹90,000
कानूनी कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपी को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाया था और कहां खपाने की योजना थी। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक जल्द पहुंचने की बात पुलिस ने कही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सउनि गोविंदलाल साकेत, प्रधान आरक्षक आशीष, रामखेलावन, राजपति, प्रधान आरक्षक चालक अशोक बहरोलिया, आरक्षक अंकित बघेल एवं महिला आरक्षक कृति त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।