विश्व ध्यान दिवस पर सीधी पुलिस ने दिया तनावमुक्त जीवन का संदेश

0 309

पुलिस लाइन में भव्य ‘हार्टफुलनेस ध्यान शिविर’, डीजीपी कैलाश मकवाना को मिला ‘चेंजमेकर ऑफ द ईयर’ सम्मान

सीधी।

विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस के निर्देशानुसार पुलिस लाइन सीधी में ‘हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन, पुलिस महानिरीक्षक एवं उप महानिरीक्षक रीवा जोन के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान यह गौरवपूर्ण जानकारी साझा की गई कि पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना को हैदराबाद स्थित कान्हा शांतिवनम संस्था द्वारा ‘चेंजमेकर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उनके दूरदर्शी नेतृत्व और पुलिस बल के मानसिक सशक्तिकरण की दिशा में किए गए नवाचारों का प्रतीक है। डीजीपी के इसी विजन के तहत आज प्रदेशभर में पुलिस कर्मी ध्यान के माध्यम से तनावमुक्त जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री का संदेश, हर रविवार ध्यान सत्र

कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन का विशेष उद्बोधन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुआ। उन्होंने पुलिस कर्मियों से ध्यान को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी ने घोषणा की कि अब जिले में प्रत्येक रविवार ‘हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम’ नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, ताकि पुलिस बल मानसिक रूप से स्वस्थ व ऊर्जावान बना रहे।

डिजिटल माध्यम से व्यापक सहभागिता

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों सहित सीधी जिले के समस्त थाना एवं चौकी स्टाफ ने कार्यक्रम में सहभागिता की। हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षक श्री एस.के. गुप्ता ने ध्यान की सरल विधि बताते हुए इसके लाभों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि हृदय केंद्रित ध्यान से तनाव में कमी, निर्णय क्षमता में सुधार और व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आता है।

एसपी का संदेश

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी ने कहा कि

“डीजीपी महोदय को मिला यह सम्मान पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत है। ध्यान कार्यक्रम को अब सीधी पुलिस की नियमित दिनचर्या में शामिल किया जा रहा है, जिससे जवान मानसिक रूप से सशक्त बनेंगे।”

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न

कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्री अमन मिश्रा सहित पुलिस लाइन एवं कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। आयोजन का संचालन प्रभारी रक्षित निरीक्षक उप निरीक्षक तरण बेड़िया द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment