विश्व ध्यान दिवस पर मध्यप्रदेश पुलिस ने दिया तनावमुक्त जीवन का संदेश

0 343

सिंगरौली सहित पूरे प्रदेश के थानों में एक साथ हुआ तीन दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम

सिंगरौली | 20 दिसंबर 2025

विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर के समस्त थानों में एक साथ हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी क्रम में सिंगरौली जिले में भी तीन दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान शिविर का सफल आयोजन कर पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया गया।

पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री मनीष खत्री के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा के नेतृत्व में जिले के सभी अनुभागों, थानों एवं निर्धारित स्थलों पर यह कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मध्यप्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ध्यान सत्र के दौरान प्रतिभागियों को हृदय पर ध्यान केंद्रित कर मानसिक शांति प्राप्त करने, तनाव एवं मानसिक दबाव से मुक्ति, आत्म-संतुलन तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के व्यावहारिक अभ्यास कराए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित ध्यान से एकाग्रता, निर्णय क्षमता, धैर्य और कार्य-कुशलता में वृद्धि होती है, जिससे पुलिसकर्मी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संयम और मानवीय संवेदना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर पाते हैं।

हार्टफुलनेस पद्धति के अंतर्गत ध्यान, प्रार्थना एवं आत्म-निरीक्षण जैसे अभ्यासों के माध्यम से आंतरिक शांति और मानसिक स्पष्टता पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाना तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

यह ध्यान कार्यक्रम श्री एल.के. सिंह (जोनल कोऑर्डिनेटर), श्री जयभगवान मित्तल, श्रीमती रेवती, श्री सच्चिनंद सिंह एवं श्री अशोक तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसी क्रम में आयोजित तीन दिवसीय ध्यान योग कार्यशाला में पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिवारजनों की सहभागिता भी रही।

कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री पी.एस. परस्ते, एसडीओपी चितरंगी श्री राहुल कुमार सैयाम, थाना प्रभारी विंध्यनगर श्रीमती अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी बैढ़न श्री अशोक सिंह परिहार, रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, यातायात थाना प्रभारी श्री दीपेन्द्र सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी सरई श्री जितेन्द्र भदौरिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सिंगरौली पुलिस ने भविष्य में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समग्र कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन एवं कार्य-क्षमता वृद्धि के लिए ऐसे ध्यान, योग एवं कल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment