सीधी पुलिस ने दो नाबालिग बालिकाओं को सकुशल लौटाया घर

0 282

सीधी, 26 नवम्बर। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के निर्देशन में संचालित “मुस्कान अभियान” के तहत जिले में दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंपा गया। दोनों प्रकरणों में थाना अमिलिया तथा चौकी पोंडी, थाना कुसमी की पुलिस टीमों ने त्वरित, सतर्क और तकनीकी तरीके से कार्रवाई की।

पहला मामला थाना अमिलिया क्षेत्र का है, जहाँ 5 मई 2025 को एक नाबालिग बालिका की गुमशुदगी की रिपोर्ट धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज की गई थी। पुलिस ने मुखबिर तंत्र तथा तकनीकी निगरानी को सक्रिय करते हुए पता लगाया कि बालिका कोराँव, प्रयागराज (उ.प्र.) में है। विशेष टीम भेजकर बालिका को सुरक्षित दस्तयाब किया गया और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बैस, एएसआई उग्रभान मिश्रा, प्रधान आरक्षक राजेंद्र सिंह, आरक्षक रघुराज सिंह और कृष्ण मुरारी द्विवेदी का योगदान उल्लेखनीय रहा।

दूसरा मामला चौकी पोंडी, थाना कुसमी क्षेत्र का है, जहाँ 19 सितम्बर 2025 को दर्ज गुमशुदगी प्रकरण में जाँच के दौरान पता चला कि बालिका सूरत (गुजरात) में है। पुलिस टीम ने बालिका से संपर्क कर उसे विश्वास में लिया। बालिका ने बताया कि माता-पिता की डांट से नाराज़ होकर वह घर से चली गई थी। टीम ने उसे समझाइश दी और वापस बुलाया। सतना रेलवे स्टेशन से उसे सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों को सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में एएसआई डी.के. रावत तथा चौकी पोंडी पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।

एसपी श्री संतोष कोरी ने कहा कि “मुस्कान अभियान गुमशुदा बच्चों को सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुँचाने की हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। दोनों मामलों में पुलिस टीमों ने संवेदनशीलता और दक्षता का परिचय दिया है।”

 

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment