भाकपा के 25वें बिहार राज्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए स्वागत समिति की बैठक संपन्न !

8 से 12 सितंबर, 2025 को पटना में होगा पार्टी के शताब्दी वर्ष पर 25वां बिहार राज्य सम्मेलन,
6 जुलाई को पटना में होगा मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रभाव पर कंवेंशन,
पटना,4/07/2025: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के 25वें राज्य सम्मेलन स्वागत समिति की बैठक आज जनशक्ति प्रेस भवन अदालतगंज में स्वागत समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर कार्यानंद पासवान की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में 8 से 12 सितंबर को पटना में भाकपा के 25वें राज्य सम्मेलन को सफल बनाने के लिए आम जन से एक करोड़ रुपए इकट्ठा करने का लक्ष्य तय किया गया तथा सम्मेलन को सफल बनाने के लिए ग्यारह विभागों का गठन किया गया। जिसमें वित्त कमिटी का संयोजक विश्वजीत कुमार को, आवास का संयोजक गजनफर नवाब को, भोजन विभाग का संयोजक भोला शर्मा को, सभाकक्ष विभाग का संयोजक अर्जुन राम को, सजावट व प्रचार प्रसार विभाग का संयोजक प्रमोद नंदन को, स्मारिका कमिटी का संयोजक अनिश अंकुर को, साफ- सफाई कमिटी का संयोजक का. मंगल पासवान को, कला – संस्कृति एवं प्रदर्शनी कमिटी का संयोजक राजू प्रसाद को, मीडिया व सोशल मीडिया कमिटी का संयोजक भोला पासवान, सुरक्षा एवं जनसेवा दल कमिटी बनाई गई।
ज्ञात हो कि 25वें राज्य सम्मेलन की सफलता हेतु स्वागत समिति का गठन मार्च के महीने में ही कर लिया गया था जिसमें बिहार कम्युनिस्ट आंदोलन के प्रमुख चेहरों में एक रहे का. जगन्नाथ सरकार की पत्नी नीलिमा सरकार को स्वागत समिति का मुख्य संरक्षक, डा. सत्यजीत सिंह, एडवोकेट योगेश चंद्र वर्मा, प्रोफेसर बसी अहमद, प्रोफेसर ओपी जैसवाल, प्रोफेसर सुशीला सहाय, प्रोफेसर कैलाश शर्मा, लाल बाबू प्रियदर्शी आदि को संरक्षक, प्रोफेसर कार्यानंद पासवान को स्वागताध्यक्ष एवं भाकपा के जिला सचिव विश्वजीत कुमार को स्वागत महासचिव चुना गया था। स्वागत समिति की अगली बैठक 27 जुलाई को जनशक्ति प्रेस भवन में तय की गई।
बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर चुनाव आयोग द्वारा मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम को लोकतंत्र विरोधी एवं गरीबों को मतदान से दूर करने वाला बताया गया। इसके खिलाफ 6 जुलाई को अजय भवन में एक कन्वेंशन करने का घोषणा किया गया।
बैठक में भाकपा के राष्ट्रीय सचिव कामरेड नगेंद्रनाथ ओझा, राज्य सचिव का. रामनरेश पांडेय, राज्य सचिवमंडल सदस्य का. ओमप्रकाश नारायण, अजय कुमार, राधा देवी, शगुफ्ता रशीद, अधिवक्ता लक्ष्मीकांत तिवारी, अशोक कुमार, दामोदर महतो, एटक बिहार महासचिव अजय कुमार, एआईफुक्टो के महासचिव प्रोफेसर अरुण कुमार सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे।