गड्ढों में दबी विकास की रफ्तार, एनएच -39 पर 13 साल से चल रही ठेकेदारी राजनीति

0 409

Nh 39

सिंगरौली/सीधी।

13 साल से बन रही सीधी-सिंगरौली की 105 किलोमीटर लंबी नेशनल हाईवे- 39 की सड़क आज भी अधूरी है। इस सड़क का निर्माण वर्ष 2013 में शुरू हुआ था, जब गैमन इंडिया को 871 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना सौंपी गई थी। लेकिन समय पर कार्य पूरा न होने के कारण उसका ठेका रद्द कर दिया गया। इसके बाद तिरुपति बिल्डकॉन को जिम्मेदारी दी गई, मगर वह भी निर्माण कार्य समय सीमा में पूरा नहीं कर सकी, जिससे अंततः उसका ठेका भी निरस्त कर दिया गया।

कंपनियां बदली लेकिन हालत जस की तस,

एनएचएआई द्वारा दी गई जिम्मेदारी में अब तक दो प्रमुख कंपनियां फेल हो चुकी हैं। गेमन इंडिया के बाद आई तिरुपति बिल्डकॉन भी सड़क निर्माण को अंतिम रूप नहीं दे पाई। नतीजतन, सड़क निर्माण अधूरा है और कई स्थानों पर सड़क शुरू ही नहीं हुई। जिन हिस्सों में काम हुआ है, वहां निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बरसात से पहले नहीं बनी सड़क तो और बिगड़ेंगे हालात,,

अब जब एक माह के भीतर मानसून दस्तक देने वाला है, तो सीधी से सिंगरौली की यह अधूरी सड़क आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बन जाएगी। कई स्थानों पर सड़क पर गड्ढे हैं, तो कहीं पुलिया और डायवर्शन अधूरी हालत में हैं। ऐसे में बरसात में जलभराव और दुर्घटनाओं की आशंका और अधिक बढ़ जाएगी।

प्रशासन और सांसद की चुप्पी पर सवाल,,

इस बहुचर्चित परियोजना को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जनता को अभी तक एक सुरक्षित और सुगम सड़क नसीब नहीं हुई। सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने तक सीमित रह गए स्थानीय नेता और अधिकारी, ज़मीनी कार्य में नतीजे नहीं दे पा रहे हैं।

स्थानीय जनता में गुस्सा,,

क्षेत्रीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि वर्षों से सड़क के नाम पर सिर्फ राजनीति हो रही है और ठेकेदारों के बदलने से कोई फर्क नहीं पड़ा। यदि समय रहते कार्य नहीं हुआ तो बरसात के दौरान यह मार्ग जानलेवा साबित हो सकता है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment