गुमशुदा बालिकाओं की दस्तयाबी में सीधी पुलिस को बड़ी सफलता
सिंगरौली व मैहर से बरामद कर सकुशल परिजनों को सौंपी गई दो नाबालिग बालिकाएं
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित “गुमशुदा बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु विशेष अभियान” के अंतर्गत सीधी पुलिस द्वारा सतत प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में, आज दिनांक 28.05.2025 को दो अलग-अलग मामलों में लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को सफलतापूर्वक बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी रामपुर नैकिन एवं जमोड़ी की विशेष भूमिका रही।
मामला क्रमांक 1 – थाना जमोड़ी
दिनांक 22 मई 2025 को थाना जमोड़ी में एक व्यक्ति द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री रात्रि में भोजन के बाद सोने गई थी, लेकिन सुबह घर में नहीं मिली। परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारों व परिचितों में तलाश की, किंतु कोई जानकारी नहीं मिली। परिजन आशंका जता रहे थे कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर ले गया है।
थाना जमोड़ी में तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर प्राथमिकता से विवेचना आरंभ की गई।
सीधी पुलिस की टीम ने इस मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए तकनीकी विश्लेषण एवं गोपनीय सूचना तंत्र की सहायता से किशोरी को सिंगरौली से सकुशल बरामद किया। विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर बालिका को परिजनों के सुपुर्द किया गया, जिससे परिवार को अत्यंत राहत मिली।
मामला क्रमांक 2 – चौकी पिपरांव, थाना रामपुर नैकिन
दिनांक 16 मई 2025 को चौकी पिपरांव (थाना रामपुर नैकिन) में एक पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा व्यापक स्तर पर खोजबीन की गई लेकिन सफलता नहीं मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गुमशुदगी के मामले को अपराध में दर्ज कर प्राथमिकता के साथ विवेचना प्रारंभ की।
तकनीकी इनपुट एवं गोपनीय सूचना के माध्यम से पुलिस टीम ने बालिका को मैहर से सकुशल बरामद कर विधिक प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंप दिया।
इस उल्लेखनीय सफलता में प्रमुख भूमिका निभाने वाले अधिकारीगण:
थाना जमोड़ी से:
उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी (थाना प्रभारी, जमोड़ी)
सहायक उप निरीक्षक सुरेश सिंह
प्रधान आरक्षक गुरुप्रसन्न सिंह
महिला आरक्षक कृति त्रिपाठी
चौकी पिपरांव से:
उप निरीक्षक शेषमणि मिश्रा (चौकी प्रभारी, पिपरांव)
सहायक उप निरीक्षक ओ. पी. गौतम
आरक्षक जितेन्द्र बघेल
आरक्षक सचिन साहू
सीधी पुलिस की यह तत्परता और कार्यकुशलता बाल संरक्षण और कानून व्यवस्था के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।