जो अच्छा काम करेंगे, उनको कंधे पर बिठाकर नाचूंगा : सीएम शिवराज
भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जो कर्मचारी-अधिकारी अच्छा काम करेंगे उन्हें हम कंधे में लेकर नाचेंगे। उनका बार-बार सम्मान करेंगे। अच्छा काम करते हुए कोई दिक्कत भी हो जाए तो चिंता मत करना आपके पीछे मैं खड़ा हूं। रो-रो कर काम करने वाला ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि वल्लभ भवन वाले भी मैदानी क्षेत्र में जाएं। बातचीत में मिठास रखें और काम करने की ललक हो। मुख्यमंत्री शिवराज राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित जल जीवन मिशन की राज्यस्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। यहां अधिकारियों ने बताया कि मिशन की हर घर नल योजना के तहत अब तक प्रदेश में एक करोड़ 22 लाख परिवारों को 2024 तक नल से पानी उपलब्ध कराना है। अभी तक 53 लाख परिवारों तक पानी पहुंचाया जा चुका है।
