आइएएस विश्नोई के साथ सुनील अग्रवाल और लक्ष्मीकांत तिवारी की कोर्ट में पेशी, ईडी ने की सात दिन रिमांड की मांग
रायपुर । ईडी ने आज छत्तीसगढ़ के एक आइएएस समीर विश्नोई के साथ व्यापारी सुनील अग्रवाल तथा लक्ष्मीकांत तिवारी को कोर्ट में पेश किया। तीनों को सीआरपीएफ के कड़े सुरक्षा घेरे के बीच जज अजय सिंह राजपूत की कोर्ट में पेश किया गया। ईडी ने एक हफ्ते की रिमांड मांगी है। कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच बहस चल रही है।
इससे पहले आइएएस बिश्नोई को मेडिकल चेकअप के लिए अंबेडकर अस्पताल लाया गया, फिर कोर्ट में पेश किया गया। ईडी बुधवार को समीर विश्नोई और उनकी पत्नी को लेकर गई थी। आज समीर के अलावा व्यापारी सुनील अग्रवाल तथा लक्ष्मीकांत तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।

इधर, रायगढ़ की कलेक्टर रानू साहू दो दिन बाद रायगढ़ पहुंच गई हैं। उनकी अनुपस्थिति में ईडी ने उनका सरकारी बंगला सील कर दिया था और स्टाफ की छुट्टी कर दी थी। रानू साहू ने कहा है कि वह एक छोटा आपरेशन कराने के लिए हैदराबाद गई थीं। ईडी को सहयोग करने को तैयार हैं। आज ईडी उनसे पूछताछ कर सकती है। ईडी के यह छापे कोयले के कारोबार में घोटाले से संबंधित बताए जा रहे हैं। अभी इस मामले में कई और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
मालूम हो कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने प्रदेश के तीन आइएएस सहित 16 कारोबारियों के ठिकानों पर लगातार दूसरे दिन भी जांच की। रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित आफिसर्स कालोनी से आइएएस समीर बिश्नोई और उनकी पत्नी को ईडी की टीम पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर गई है। एक अन्य आइएएस जयप्रकाश मौर्या को भी हिरासत में लिए जाने की सूचना है। यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उनकी गिरफ्तारी की गई है या नहीं।
