बकरीद में बचेंगे तो मोहर्रम में नाचेंगे : मल्लिकार्जुन खड़गे
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे बुधवार को भोपाल आए और पार्टी प्रतिनिधियों से मुलाकात की। मीडिया से चर्चा में एक सवाल उठा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार वह होंगे या राहुल गांधी। इस सवाल के जवाब में खड़गे ने कहा कि मैं संगठन का चुनाव लड़ रहा हूं। एक कहावत है कि बकरीद में बचेंगे तो मोहर्रम में नाचेंगे। पहले यह चुनाव खत्म हो जाए। अध्यक्ष बन जाऊं। फिर देखेंगे।
उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनने के बाद भी वे पार्टी के वरिष्ठजन और कार्यकर्ताओं की सलाह से ही काम करेंगे। इसमें उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी का भी नाम लिया। उन्होंने कहा कि आंतरिक लोकतंत्र के तहत वे चुनाव लड़ रहे हैं। अध्यक्ष पद के लिए गांधी परिवार से कोई सदस्य चुनाव में नहीं आना चाहता था। ऐसे में कोई विकल्प नहीं था तो कार्यकर्ताओं के कहने पर चुनाव लड़ रहा हूं। मल्लिकार्जुन खड़गे की कांग्रेस प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ भी उपस्थित थे। बता दें कि अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को चुनाव है। इसमें मध्य प्रदेश से 502 प्रतिनिधि भाग लेंगे।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के अध्यक्ष रहते हुए पार्टी ने बहुत अच्छा काम किया। कई राज्यों में पार्टी की सरकार बनी। दो बार केंद्र में सरकार बनी है। छह राज्यों में अपनी सरकारें बनाई, लेकिन नरेन्द्र मोदी, अमित शाह आदि ने विधायकों को खरीदकर सरकार गिरा दी। भाजपा सरकार संविधान के खिलाफ काम कर रही है। संविधान को बचाने के लिए ही चुनाव लड़ रहा हूं।