गहिरा में सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक गड्ढे के चलते अनियंत्रित होकर खेत में गिरी, एक युवक की मौत, दो गंभीर घायल

प्राइड इंडिया न्यूज़ | सीधी रिपोर्ट
सीधी जिले के सिहावल विकासखंड अंतर्गत कमर्जी थाना क्षेत्र के हटवा बरहा टोला के समीप गहिरा में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सड़क पर मौजूद गड्ढे के चलते अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी। हादसे में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत होने की सूचना है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोल्हूडीह निवासी विश्वकर्मा परिवार के दो युवक और घोपारी निवासी एक युवक मोटरसाइकिल से पटपरा की ओर से अमिलिया जा रहे थे। इसी दौरान हटवा बरहा टोला से आगे गहिरा के समीप सड़क पर मौजूद गड्ढे और तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों युवक खेत में जा गिरे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कमर्जी पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया।
स्थानीय निवासी जितेंद्र कुमार पटेल के अनुसार, हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना के संबंध में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।