केंद्रीय विद्यालय जमुना कॉलरी का हुआ वार्षिक निरीक्षण,शिक्षण गुणवत्ता वृद्धि के निर्देश

0 32

रिपोर्ट- राकेश शर्मा

 

अनूपपुर-केंद्रीय विद्यालय एसईसीएल जमुना कॉलरी में दिनांक 18/11/206 को केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस), जबलपुर क्षेत्रीय कार्यालय के सहायक आयुक्त हीरालाल एवं चार अन्य केंद्रीय विद्यालयों के प्राचार्यों की टीम द्वारा वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस निरीक्षण दल में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ओ.एफ. कटनी की प्राचार्या श्रीमती आकांक्षा सैमुअल, केंद्रीय विद्यालय TFRI के प्राचार्य प्रवीण नायडू, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय डिंडोरी के प्राचार्य सुनील कुमार सोनी, केंद्रीय विद्यालय नौरोजाबाद के प्राचार्य संतोष कुमार द्विवेदी शामिल रहे।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने समस्त अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया, वहीं विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने हरित स्वागत की परंपरा को निभाते हुए सभी अतिथियों को पौधे भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया।इसके पश्चात, निरीक्षण दल ने कक्षाओं का भ्रमण कर शिक्षण प्रक्रिया, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, खेल मैदान तथा विद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कार्यों व अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया।

 

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के सभी कर्मचारियों के साथ सायंकालीन सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सहायक आयुक्त हीरालाल ने विद्यालय के शिक्षण कार्य में उत्तरोत्तर वृद्धि और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आधुनिक शिक्षण तकनीकों के प्रभावी उपयोग, कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने, पठन-पाठन के स्तर को और ऊंचा उठाने तथा परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार लाने के लिए सभी अध्यापकों को विस्तृत सुझाव एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। अन्य प्राचार्यों ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए।

 

अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने सहायक आयुक्त एवं निरीक्षण दल में आए सभी प्राचार्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment