गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और संस्थागत प्रसव पर कलेक्टर का विशेष जोर
लापरवाही बरतने वाले सीएचओ पर होगी कार्रवाई, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा प्रशंसा पत्र
सीधी, 02 नवंबर 2026। जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन, नियमित एएनसी जांच, एनीमिया प्रबंधन, सिकल सेल स्क्रीनिंग तथा संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने को विभाग की प्राथमिकता बताया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच कराई जाए तथा जोखिम वाली गर्भावस्थाओं की समय रहते पहचान की जाए, जिससे प्रसव के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं के लिए संचालित बर्थ वेटिंग रूम में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी उपयोगिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी की जाए। स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ) के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएचओ को प्रशंसा पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि कार्य में लापरवाही और उदासीनता बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कराने तथा पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में बच्चों की भर्ती, उपचार और पोषण संबंधी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सौम्या आनंद ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने सिकल सेल स्क्रीनिंग के लिए विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों की जांच कराने तथा आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का निर्धारित समय पर नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने तथा मैदानी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार खरे, सिविल सर्जन डॉ. दीपारानी इसरानी सहित स्वास्थ्य विभाग के समस्त संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
