सीधी जिले के प्रमुख बाजारों में जाम का झाम, आम जनता बेहाल

बहरी, अमिलिया, मायापुर और हिनौती में बेतरतीब यातायात से बिगड़े हालात, घंटों जाम में फंसे रहते हैं वाहन; एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के सामने भी खड़ी हो सकती है मुश्किल
सीधी। जिले के प्रमुख बाजारों बहरी, अमिलिया, मायापुर और हिनौती में यातायात व्यवस्था की बदहाली अब आम लोगों के लिए रोजाना की परेशानी बनती जा रही है। बाजारों में ऑटो, बस, ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों की बेतरतीब आवाजाही और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आए दिन जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। कई बार वाहन चालकों और राहगीरों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
इमरजेंसी सेवाओं के लिए भी बन सकती है बड़ी बाधा
बाजारों में लगने वाले जाम का सबसे गंभीर पहलू आपातकालीन सेवाओं से जुड़ा है। यदि किसी गंभीर मरीज को अस्पताल पहुंचाने की आवश्यकता पड़े, तो जाम के कारण एंबुलेंस को रास्ता मिलने में परेशानी हो सकती है। वहीं स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम राहगीरों को भी प्रतिदिन आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा
मुख्य बाजारों में छोटे-बड़े वाहनों की एक साथ आवाजाही से यातायात का दबाव बढ़ रहा है। सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहन और संकरी सड़कों पर भारी वाहनों का आवागमन पैदल यात्रियों एवं दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी पैदा कर रहा है। ऐसे हालात में दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
यातायात व्यवस्था सुधारने के इंतजामों पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का सवाल है कि बहरी, अमिलिया, मायापुर और हिनौती जैसे प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए स्थायी इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे हैं? केवल कभी-कभार यातायात नियंत्रित करने से समस्या का समाधान नहीं होगा। इसके लिए नियमित निगरानी और प्रभावी व्यवस्था की आवश्यकता है।
स्थानीय लोगों ने की स्थायी समाधान की मांग
लोगों ने प्रशासन एवं यातायात विभाग से मांग की है कि प्रमुख बाजारों में नियमित यातायात पुलिस की तैनाती की जाए। भारी वाहनों के प्रवेश और संचालन का समय निर्धारित हो, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की जाए तथा जाम की समस्या से निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
अब जिम्मेदार विभागों से सवाल है कि आखिर कब सुधरेगी इन बाजारों की यातायात व्यवस्था? आम जनता को रोजाना जाम की परेशानी से कब मिलेगी राहत? प्रशासन को किसी बड़ी घटना का इंतजार किए बिना समय रहते प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।