मटियारी के जंगल में दिव्यांग का अधजला शव मिलने से हड़कंप, पैर में रस्सी बंधी मिलने से बढ़ा संदेह
सड़क से 50 मीटर अंदर मिला शव, जले हुए सिर के कारण नहीं हो सकी पहचान; डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

डिंडौरी। मेहदवानी थाना क्षेत्र के मटियारी जंगल में सोमवार को एक दिव्यांग व्यक्ति का अधजला शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव सड़क से करीब 50 मीटर अंदर जंगल में पड़ा मिला। मृतक का सिर बुरी तरह जला होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, पैर में रस्सी बंधी मिलने से मामला और संदिग्ध हो गया है। पुलिस हत्या सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।
मेहदवानी थाना प्रभारी बसंत गौलिया के अनुसार, थाना मुख्यालय से लगभग छह किलोमीटर दूर मटियारी जंगल में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर शव काफी हद तक जली हुई अवस्था में मिला। मृतक के शरीर पर भी बहुत कम कपड़े शेष बचे थे, जबकि सिर पूरी तरह झुलसा हुआ था। इसके चलते उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू कर दी है। ग्रामीणों और संभावित गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी के आधार पर मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय कर आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मृतक जंगल तक कैसे पहुंचा, उसके पैर में रस्सी किसने बांधी और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। साथ ही शव को जलाने के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल मृतक की पहचान और मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। अधजली अवस्था में शव मिलने और पैर में रस्सी बंधी होने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद मामले में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।