बालगृह और वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

0 60

 

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अपेक्षा सिंह ने शनिवार को बालगृह (बालक), नवादा इन्देपुर और वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया।

 

बालगृह में कुल 67 बच्चे बताए गए, जिनमें 55 किशोर और 12 शिशु शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान सभी बच्चे उपस्थित मिले। साफ-सफाई, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सचिव ने बच्चों के स्वास्थ्य और काउंसलिंग की जानकारी ली। एक बच्चे राजू को दौरे आने की जानकारी पर मानसिक चिकित्सक से उचित उपचार कराने के निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान बेडशीट गंदी मिलने पर नियमित सफाई कराने तथा परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। बच्चों के शिक्षण कक्ष में विंडो एसी लगवाने और पुराने रसोईघर के रेनोवेशन के लिए भी निर्देशित किया गया। वहीं, शिशु राहुल को 25 अगस्त 2026 को पटना के एक दंपति द्वारा गोद लिए जाने की जानकारी दी गई।

 

इसके बाद सचिव ने वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। यहां कुल 33 महिलाओं की जानकारी दी गई, जिनमें 19 महिलाएं मौके पर उपस्थित मिलीं, जबकि अन्य के मेडिकल के लिए जाने की बात बताई गई। निरीक्षण में सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। सचिव ने रजिस्टरों की जांच करने के साथ व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

 

दो युवतियों द्वारा अपने माता-पिता के पास जाने की इच्छा जताए जाने पर सचिव ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें अविलंब उनके माता-पिता के सुपुर्द करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक मो. अफजल सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment