लाड़ली बहना योजना की 40वीं किस्त आज,इस त्योहार फिर लाएगी बहनों के चेहरे पर मुस्कान 

1.25 करोड़ बहनों के खातों में आएंगे ₹1,835 करोड़ से अधिक

0 303

 

 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की सितंबर माह की 40वीं किस्त का अंतरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 रुपए की मासिक आर्थिक सहायता सीधे भेजी जाएगी।

 

बहनों के चेहरे पर फिर मुस्कान

 

सितंबर की किस्त के साथ योजना की शुरुआत से अब तक महिलाओं के खातों में नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित राशि 65,395.99 करोड़ रुपए हो जाएगी। मुख्यमंत्री आगर मालवा में विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे।

 

₹1,000 से शुरू हुई सहायता, अब ₹1,500 प्रतिमाह

 

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को हर महीने ₹1,000 दिए जाते थे। अक्टूबर 2023 से राशि बढ़ाकर ₹1,250 की गई। इसके बाद नवंबर 2025 से एक बार फिर ₹250 की वृद्धि हुई और वर्तमान में पात्र महिलाओं को ₹1,500 प्रतिमाह मिल रहे हैं।

 

योजना के प्रावधानों के अनुसार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना से ₹900 प्रतिमाह प्राप्त करने वाली पात्र महिलाओं को भी अंतर की राशि उपलब्ध कराई जाती है।

 

39 किस्तों के बाद अब 40वीं किस्त

 

जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना की 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर में 40वीं किस्त जारी होगी। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, अगस्त 2024, अगस्त 2025 और अगस्त 2026 में ₹250 की विशेष आर्थिक सहायता भी दी गई थी।

 

अब तक 65 हजार करोड़ से ज्यादा ट्रांसफर

 

सरकारी जानकारी के अनुसार, जून 2023 से अगस्त 2026 तक लाड़ली बहना योजना में 63,560.90 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। सितंबर की किस्त के बाद यह राशि 65,395.99 करोड़ रुपए हो जाएगी।

 

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

 

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से प्रदेश भर में सेवा संकल्प अभियान शुरू होगा। इस अभियान के माध्यम से जनसेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment