पटवारियों की हड़ताल में सियासी दखल, विधायक धुर्वे और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तेकाम ने सुनी समस्याएं

0 54

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

डिंडोरी। जिले में 16 सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारी संघ की कलमबंद हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। इसी बीच पटवारियों की समस्याओं को लेकर राजनीतिक स्तर पर भी हस्तक्षेप शुरू हो गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने पटवारी संघ डिंडोरी के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर बिंदुवार चर्चा की।

 

विधायक धुर्वे ने पटवारियों की समस्याओं को जायज बताते हुए कहा कि अधिकांश मामले जिला स्तर से जुड़े हैं। उन्होंने कलेक्टर से पटवारी संघ के साथ चर्चा कर जल्द समाधान निकालने की बात कही। विधायक ने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अगले सप्ताह वे स्वयं उपस्थित होकर कलेक्टर और पटवारी संघ के बीच बैठक करवाएंगे।

 

वहीं हड़ताल के चौथे दिन भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज तेकाम भी पटवारियों के धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने पटवारियों की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मौके से ही राजस्व मंत्री से फोन पर चर्चा कर डिंडोरी मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। तेकाम ने पटवारियों की मांगों को जायज बताते हुए संघ का ज्ञापन राजस्व मंत्री तक पहुंचाने और मुख्यमंत्री तक भी मामला रखने की बात कही।

 

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के हस्तक्षेप के बाद पटवारी संघ इसे अपनी मांगों के समर्थन में महत्वपूर्ण कदम मान रहा है। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि सत्तारूढ़ दल के नेताओं के हस्तक्षेप से उनकी समस्याओं के जल्द समाधान की उम्मीद बढ़ी है।

 

इधर, डिंडोरी के पटवारियों के समर्थन में अलीराजपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे गए हैं। इनमें डिंडोरी के पटवारियों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाने की मांग की गई है।

 

गौरतलब है कि ई-अटेंडेंस, अनावश्यक कार्रवाई, स्थानांतरण के बाद पटवारियों की रिलीविंग, तहसीलदारों के स्थानांतरण सहित कुल 16 सूत्रीय मांगों को लेकर डिंडोरी जिले के पटवारी 1 सितंबर से कलमबंद हड़ताल पर हैं। हड़ताल के चलते राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।

 

सोहन साहू, जिलाध्यक्ष, म.प्र. पटवारी संघ डिंडोरी ने कहा कि संघ अपनी मांगों के निराकरण को लेकर लगातार प्रयासरत है और शासन स्तर से सकारात्मक पहल की उम्मीद है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment