माप पुस्तिका और भुगतान को लेकर शिकायत, उपयंत्री को नोटिस

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )
हितग्राहियों की शिकायत पर जिला पंचायत सीईओ ने मांगा तीन दिन में स्पष्टीकरण
डिंडौरी, जनपद पंचायत डिंडौरी की ग्राम पंचायतों में संचालित निर्माण कार्यों में लापरवाही और तकनीकी दायित्वों के निर्वहन में कथित अनियमितता को लेकर जिला पंचायत डिंडौरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने उपयंत्री फिरोज खान को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है।
जारी नोटिस के अनुसार उपयंत्री के सेक्टर से जुड़े हितग्राहियों ने शिकायत की है कि निर्माण कार्यों की माप पुस्तिका कार्यालय में रखी जाती है और कार्य का मूल्यांकन दर्ज करने के लिए राशि की मांग किए जाने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार राशि नहीं देने पर माप पुस्तिका का विधिवत संधारण नहीं किया जाता, जिससे मजदूरी एवं सामग्री का भुगतान भी लंबित रहने की स्थिति बन रही है।
तीन दिन में देना होगा जवाब
जिला पंचायत सीईओ ने मामले को पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं स्वेच्छाचारिता से संबंधित मानते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश-निर्देशों की अवहेलना पर स्पष्टीकरण मांगा है।
नोटिस में कहा गया है कि संबंधित आचरण वीबी-ग्राम योजना अंतर्गत संविदा सेवा नियमों के प्रावधानों के विपरीत होकर अनुशासनात्मक कार्रवाई योग्य है।
उपयंत्री फिरोज खान को नोटिस प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।