रीवा की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर कमलेश्वर पटेल का वार, आयुक्त से बोले—मरीजों को मिले बेहतर इलाज

प्राइड इंडिया न्यूज़ सीधी रिपोर्ट शाहिद खान
रीवा। पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने संजय गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीजों को हो रही परेशानियों और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर संभागीय आयुक्त से चर्चा की। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त कराने और मरीजों को बेहतर एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
पटेल ने उपचार के दौरान हुई कल्पना मिश्रा की मृत्यु का मामला भी उठाया। वे उनके पिता राम शिरोमणि मिश्रा के आमरण अनशन में शामिल हुए और न्याय की मांग का समर्थन किया। उन्होंने उपचार में लापरवाही के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से की।
पटेल ने सवाल उठाते हुए कहा कि यह वही रीवा है, जिसे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री का ससुराल होने का गौरव प्राप्त है और जहां प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री का गृह क्षेत्र है, फिर भी यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल क्यों है? उन्होंने कहा कि इलाज के लिए मरीजों और उनके परिजनों को भटकना पड़े और उपचार के अभाव में जान चली जाए, इससे गंभीर चिंता का विषय कुछ नहीं हो सकता।
इस दौरान कमलेश्वर पटेल ने बदवार बस हादसे में घायल मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उपचार की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से भी चर्चा की। उन्होंने संभागीय आयुक्त से अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कर मरीजों को सुचारू एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि अब जनता की उम्मीद प्रशासन से है कि वह स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस कदम उठाए।