सामान्य वर्ग के मुद्दों पर मौन नेताओं के विरोध में प्रतीकात्मक पिंडदान और मुंडन

चुरहट सोन नदी पुल के नीचे जुटा सवर्ण समाज, UGC एक्ट, आरक्षण और अधिकारों के मुद्दों पर जताया विरोध
सीधी/चुरहट। सामान्य वर्ग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर रविवार, 30 अगस्त को सीधी-रीवा मार्ग स्थित चुरहट सोन नदी पुल के नीचे प्रतीकात्मक पिंडदान, मुंडन, अंतिम संस्कार एवं आत्मा शांति यज्ञ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग शामिल हुए और अपने मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम के दौरान शत्रुघ्न पाण्डेय और हरी मिश्रा ने मुंडन कराया तथा प्रतीकात्मक पिंडदान किया। इस अवसर पर नीरज मिश्रा, देवराज सिंह, शिवा पाठक, शिवपूजन पाण्डेय सहित कई लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों ने UGC एक्ट, SC/ST एक्ट, जातिगत आरक्षण तथा सामान्य वर्ग के हक-अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर मौन रहने वाले नेताओं के प्रति प्रतीकात्मक विरोध जताया। वक्ताओं ने कहा कि सामान्य वर्ग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर राजनीतिक एवं सामाजिक नेतृत्व को अपनी स्पष्ट भूमिका सामने रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सामान्य वर्ग के अधिकारों और समस्याओं को लेकर नेताओं की चुप्पी समाज के लिए चिंता का विषय है। कार्यक्रम के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक नेतृत्व का ध्यान इन मुद्दों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया।
आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन प्रतीकात्मक एवं लोकतांत्रिक विरोध के रूप में किया गया है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सामान्य वर्ग के अधिकारों और संबंधित मुद्दों को लेकर अपनी आवाज बुलंद करते हुए भविष्य में भी लोकतांत्रिक तरीके से इन विषयों को उठाते रहने का संकल्प लिया।