बारिश में कीचड़ बनी पैसियां टोला की सड़क, ग्रामीणों का आवागमन हुआ मुश्किल

सीधी। जिले के पैसियां टोला, कंधवार क्षेत्र में कच्ची सड़क की हालत लगातार बारिश के चलते बेहद खराब हो गई है। सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील होने से ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का आना-जाना होता है। जगह-जगह कीचड़ और फिसलन के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने कच्ची सड़क की शीघ्र मरम्मत अथवा पक्कीकरण, जल निकासी की उचित व्यवस्था और सुरक्षित आवागमन की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है। अब सवाल यह है कि ग्रामीणों को इस बदहाल सड़क से कब तक जूझना पड़ेगा और जिम्मेदार विभाग इसका स्थायी समाधान कब करेगा?