बहरी तहसील में कमिश्नर की सख्ती, लंबित राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

दो साल से अधिक पुराने मामलों की हुई जांच, फॉर्मर रजिस्ट्री और भू-अर्जन कार्य में तेजी लाने के निर्देश
सीधी, 29 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत सीधी जिले के प्रवास पर पहुंचे रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने शनिवार को तहसील बहरी का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा भी मौजूद रहे।
कमिश्नर ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की स्थिति की बारीकी से समीक्षा करते हुए लंबे समय से लंबित मामलों की रैंडम आधार पर जांच की। उन्होंने विशेष रूप से दो वर्ष से अधिक पुराने प्रकरणों की स्थिति जानी और अधिकारियों को इन्हें प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालय आम नागरिकों की भूमि एवं अधिकारों से जुड़े मामलों के निराकरण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार समय पर कार्रवाई हो और पक्षकारों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने निर्णय की गुणवत्ता और प्रक्रिया की शुद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
लापरवाही पर रीडरों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश
न्यायालयीन कार्यवाही और रिकॉर्ड संधारण में लापरवाही को लेकर कमिश्नर ने कड़ा रुख अपनाया। एसडीओ, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित रीडरों की एक-एक वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालयीन कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फॉर्मर रजिस्ट्री और भू-अर्जन की भी समीक्षा
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने फॉर्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने मैदानी अमले को सक्रिय कर पात्र किसानों को प्रक्रिया की जानकारी देने और शेष रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।
इसके साथ ही रेलवे परियोजनाओं से संबंधित भू-अर्जन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने प्रकरणवार जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने तथा विभागीय समन्वय के साथ लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ सिहावल राकेश शुक्ला, तहसीलदार हिमांशु शुक्ला सहित संबंधित राजस्व एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।