राजस्व कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : एसडीएम प्रिया पाठक

कम प्रगति वाले 10 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
सीधी, 26 अगस्त 2026। उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक की अध्यक्षता में 25 अगस्त को राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में तहसीलदार गोपद बनास राकेश शुक्ला, नायब तहसीलदार गोपद बनास एकता शुक्ला एवं अमित दुबे सहित समस्त राजस्व निरीक्षक एवं हल्का पटवारी उपस्थित रहे।
बैठक में विभिन्न राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विजयपुर, तेंदुआ, हड़बड़ा, जमोड़ी कला, बरम बाबा, बेदूआ, मड़वा, करवाही, बतौली एवं महाराजपुर हल्कों में अपेक्षाकृत कम प्रगति पाए जाने पर संबंधित 10 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
एसडीएम प्रिया पाठक ने समस्त पटवारियों को फार्मर रजिस्ट्री, सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई से संबंधित प्रकरणों में मौका स्थल पर जांच कराते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्षा से क्षतिग्रस्त मकानों तथा प्राकृतिक आपदा से हुई क्षति के मामलों में तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर प्रभावितों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में भू-आवंटन से संबंधित प्रकरणों तथा भू-अर्जन के लंबित मुआवजा प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम प्रिया पाठक ने हल्का पटवारियों एवं राजस्व निरीक्षकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि राजस्व कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने दायित्वों का गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।