सीधी रोड के नाम करोड़ों की शासकीय राशि की बर्बादी? दो साल से अधूरी PWD सड़क बनी जानलेवा, सतनरा पवई में 3 से 4 खतरनाक प्वाइंट; ग्रामीण परेशान

सीधी। लोक निर्माण विभाग (PWD) की करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन कमर्जी हाउस से सिरसी टू-लेन सड़क करीब दो वर्षों से अधूरी पड़ी है। ग्राम पंचायत सतनरा पवई क्षेत्र में सड़क के कई हिस्सों में बड़े-बड़े गड्ढे और क्षतिग्रस्त मार्ग राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों को बार-बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा और मरम्मत की ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार सतनरा पवई क्षेत्र में तीन से चार ऐसे स्थान हैं, जहां से आवागमन करना बेहद मुश्किल हो गया है। सरपंच श्यामकली तिवारी के घर के पास सड़क पर बड़ा गड्ढा बना हुआ है। वहीं नरेंद्र सिंह परिहार के घर के सामने बेलहिया में भी गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। रसीलाल सिंह के घर के पास सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह बह गया है। बारिश के बाद इन स्थानों की स्थिति और गंभीर हो गई है।
ढाई फीट तक गहरे गड्ढे, हादसे का खतरा
समाजसेवी आशीष पांडेय, सीधी ने बताया कि इस वर्ष हुई बारिश से जिले की कई ग्राम पंचायतों का संपर्क प्रभावित हुआ है। सतनरा पवई में भी करीब तीन से चार स्थानों पर सड़क की हालत बेहद खराब है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए इन स्थानों से निकलना मुश्किल हो गया है। कुछ स्थानों पर करीब ढाई-ढाई फीट तक गहरे गड्ढे होने से कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है।
आशीष पांडेय के मुताबिक उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले PWD की ईई अनामिका सिंह से फोन पर संपर्क कर सड़क की स्थिति से अवगत कराया था। उन्हें समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी मौके पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माणाधीन सड़क पर तत्काल गड्ढों को नहीं भरा गया और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग की नींद खुलेगी?
ग्रामीणों ने PWD से तत्काल मौके का निरीक्षण कर गड्ढों को भरवाने, बह चुके सड़क हिस्से की मरम्मत कराने तथा निर्माण कार्य पूरा होने तक सुरक्षित आवागमन के लिए अस्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।