सीधी के हनुमानगढ़ में ‘मोगली पलटन’ की ‘कछुआ चाल 3.0’ साइकिल रैली का दूसरा चरण संपन्न

रसायन-मुक्त खेती, गो-वंश संरक्षण और पर्यावरण संतुलन का दिया संदेश

0 127

 

 

प्राइड इंडिया समाचार, सीधी/हनुमानगढ़। ग्रामीण आजीविका, गो-वंश आधारित अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रविवार को बाल टोली ‘मोगली पलटन’ द्वारा मासिक ‘कछुआ चाल 3.0’ साइकिल रैली के दूसरे चरण का आयोजन किया गया। तीन माह के अंतराल के बाद जुलाई से दोबारा शुरू हुए इस अभियान के माध्यम से बच्चों ने ग्रामीणों को टिकाऊ विकास और प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली का संदेश दिया।

 

‘गाय है तो गांव है’ विषय पर आयोजित साइकिल रैली हनुमानगढ़ स्थित स्वर्गीय चन्द्रप्रताप तिवारी स्मारक स्थल से प्रारंभ हुई और गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान बाल टोली के सदस्यों ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए रसायन-मुक्त खेती, जैविक खाद के उपयोग, गो-वंश संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग के महत्व पर चर्चा की।

 

‘गाय की चिट्ठी’ के माध्यम से दिया संदेश

 

अभियान के तहत बच्चों ने ग्रामीणों के बीच ‘गाय की चिट्ठी’ का वितरण भी किया। इसके माध्यम से गाय के दृष्टिकोण से मानव समाज और गो-वंश के बीच संबंधों को समझाने का प्रयास किया गया। आयोजकों ने बताया कि इसका उद्देश्य केवल भावनात्मक जुड़ाव पैदा करना नहीं, बल्कि पशु कल्याण और मानव समाज के बीच संतुलित एवं जिम्मेदार सह-अस्तित्व की भावना को मजबूत करना है।

 

प्रकृति के अनुकूल विकास पर जोर

 

बाल टोली के अनुसार ‘कछुआ चाल’ का विचार तेज और अनियंत्रित विकास की दौड़ के स्थान पर संयमित, स्थिर और प्रकृति-अनुकूल विकास को बढ़ावा देने पर आधारित है। बच्चों ने कहा कि भूमि, जल, पर्यावरण और अन्य प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए किया गया विकास ही आने वाली पीढ़ियों के लिए टिकाऊ साबित हो सकता है।

 

आयोजकों के अनुसार ‘कछुआ चाल 3.0’ के अंतर्गत जुलाई 2026 से मार्च 2027 तक प्रत्येक माह के दूसरे रविवार को कुल नौ साइकिल रैलियों का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। आगामी चरणों में स्थानीय युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

 

सादर प्रकाशनार्थ — ऋषिकेश फाउंडेशन

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment