विद्यालय बना मदिरालय! नशे में धुत शिक्षक का वीडियो वायरल, बच्चों के सामने अभद्र हरकतों का आरोप

सीधी | विशेष रिपोर्ट
रिपोर्ट: अरविंद द्विवेदी
मो.: 7879126191
सीधी जिले के जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत शासकीय प्राथमिक पाठशाला ढेरहा से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यालय में पदस्थ शिक्षक दिनेश कोल पर आरोप है कि वे शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और मासूम बच्चों के सामने अभद्र व्यवहार करते नजर आए।
बताया जा रहा है कि घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में शिक्षक कथित तौर पर नशे की हालत में बच्चों से उल्टा-सीधा व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनकी जेब में शराब की बोतल जैसी वस्तु भी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब एक व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया तो शिक्षक ने उसे धमकाते हुए “एफआईआर कर दो” तक कह दिया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में पूरे मध्यप्रदेश सहित सीधी जिले में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाया गया था। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में विद्यालयों में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को नशामुक्त रहने का संकल्प दिलाया गया था। ऐसे में यदि वायरल वीडियो में लगाए जा रहे आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल शिक्षा व्यवस्था बल्कि नशामुक्ति अभियान की गंभीरता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस वायरल मामले पर शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन कब संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करेगा। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध क्या सख्त कार्रवाई होगी, या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह जांच तक ही सीमित रह जाएगा।
(नोट: यह समाचार वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों के आधार पर तैयार किया गया है। संबंधित शिक्षक एवं प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)