अब समय पर पहुंचेंगी राखियां, भारतीय डाक ने शुरू की विशेष बुकिंग सुविधा
देशभर में सुरक्षित और त्वरित डिलीवरी के लिए स्पीड पोस्ट सेवा उपलब्ध

जिला ब्यूरो-सोहन श्याम वनांचल समाचार डिंडौरी
डिंडौरी- रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर भारतीय डाक विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए विशेष राखी बुकिंग व्यवस्था शुरू की है। मंडला डाक संभाग के अंतर्गत सभी डाकघरों में विशेष राखी लिफाफों के माध्यम से राखियों की बुकिंग की जा रही है, ताकि देशभर में राखियां सुरक्षित एवं समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
अधीक्षक डाकघर, मंडला डाक संभाग ने बताया कि प्रधान डाकघर मंडला एवं मुख्य डाकघर डिंडौरी में प्रतिदिन प्रातः 6:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक विशेष राखी बुकिंग सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा सभी डाकघरों में विशेष राखी लिफाफों और स्पीड पोस्ट के माध्यम से सुरक्षित एवं त्वरित बुकिंग की व्यवस्था की गई है।
डाक विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए समय रहते अपनी राखियों की बुकिंग कराएं। स्पीड पोस्ट एवं रजिस्टर्ड डाक सेवाओं के माध्यम से राखियां देशभर में सुरक्षित और शीघ्रता से भेजी जा सकती हैं। विभाग ने नागरिकों से भारतीय डाक की सेवाओं का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह करते हुए संदेश दिया है कि “स्नेह की डोर को भारतीय डाक के भरोसे सुरक्षित और समय पर अपने अपनों तक पहुंचाएं।”