तीन माह में उखड़ने लगी 5 लाख की सीसी सड़क, अमठेरा में निर्माण गुणवत्ता और अनियमितताओं पर उठे सवाल

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव )
शहपुरा। जनपद पंचायत शहपुरा की ग्राम पंचायत अमठेरा में 15वें वित्त आयोग की लगभग 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क निर्माण कार्य विवादों में आ गया है। निर्माण के महज तीन माह बाद ही सड़क जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने लगी है। सड़क में दरारें पड़ गई हैं और कई स्थानों पर गिट्टियां निकलने लगी हैं, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार खेमलाल के घर से पुलिया तक सीसी सड़क का निर्माण कराया गया, लेकिन सड़क का प्रारंभ ऐसे स्थान से किया गया जहां केवल एक ही परिवार का आवास है। ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक आवश्यकता को नजरअंदाज कर एक व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सरकारी राशि खर्च की गई, जबकि गांव के कई प्रमुख मार्ग आज भी बदहाल स्थिति में हैं और बरसात के दौरान लोगों को कीचड़ से होकर आवागमन करना पड़ता है।
निर्माण कार्य में एक और बड़ी अनियमितता सामने आई है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर लगाए गए सूचना बोर्ड में कार्य प्रारंभ की तिथि 3 मई 2026 अंकित है, जबकि कार्य पूर्ण होने की तिथि 25 मार्च 2026 लिखी गई है। यानी रिकॉर्ड के अनुसार कार्य शुरू होने से पहले ही पूरा होना दर्शाया गया है। इस त्रुटि ने निर्माण कार्य की निगरानी, अभिलेखों की सत्यता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई। उनका कहना है कि यदि सड़क निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप बनाई गई होती तो इतनी कम अवधि में उसका क्षतिग्रस्त होना संभव नहीं था। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित उपयंत्री, ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच और निर्माण एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।