डिंडौरी में 300 पटवारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर, राजस्व कार्य होंगे प्रभावित

0 265

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

 

डिंडौरी। जिले के करीब 300 पटवारी अपनी लंबित मांगों के समर्थन में सोमवार 3 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं। मध्यप्रदेश पटवारी संघ की जिला इकाई ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर चरणबद्ध आंदोलन की जानकारी पहले ही दे दी थी। संघ का कहना है कि वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण के लिए कई बार शासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। ऐसे में आंदोलन का रास्ता अपनाना उनकी मजबूरी बन गया है।

 

पटवारी संघ की प्रमुख मांगों में पटवारी संवर्ग का कैडर रिव्यू लागू करना, समयमान वेतनमान एवं पदोन्नति की व्यवस्था सुनिश्चित करना, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा नियमित रूप से आयोजित करना, जॉब प्रोटेक्शन एक्ट में पटवारियों को शामिल करना तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत वर्षों से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करना शामिल है।

 

संघ के अनुसार आंदोलन चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है। पहले चरण में सामूहिक अवकाश, शासकीय कार्यों का बहिष्कार, काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन, कार्यालयीन व्हाट्सएप समूहों से बाहर निकलना तथा ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया गया। इसके बावजूद शासन स्तर पर मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। इसके बाद आंदोलन के अगले चरण के तहत 3 अगस्त 2026 से जिले के सभी पटवारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर चले गए हैं।

जिले में लगभग 300 पटवारी कार्यरत हैं। ऐसे में हड़ताल के कारण नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, गिरदावरी, राजस्व अभिलेखों में संशोधन, किसान प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व संबंधी सेवाओं पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है। इससे आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय कार्यों में विलंब का सामना करना पड़ सकता है।

 

पटवारी संघ ने आंदोलन की सूचना औपचारिक रूप से जिला प्रशासन को सौंप दी है। अब सभी की निगाहें शासन के अगले कदम पर टिकी हैं। संघ का कहना है कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment